पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल
पुलिस विभाग की संयुक्त जांच जारी
नागपुर:नागपुर शहर के जरीपटका पुलिस थाना क्षेत्र में एक गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। पॉक्सो मामले में गिरफ्तार किये गए एक आरोपी ने पुलिस कस्टडी के भीतर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बीती रात सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल उच्चस्तरीय हलचल शुरू हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नागपुर पुलिस आयुक्त के साथ अपराध शाखा के डीसीपी, एसीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जरीपटका पुलिस थाने पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और संबंधित पुलिस अधिकारियों से विस्तृत विवरण तलब किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की, इसके पीछे क्या कारण रहे और क्या पुलिस कस्टडी के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही हुई, इन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। थाने की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
इस पूरे मामले की जांच पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल इस घटना को लेकर शहर में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












