रायगड जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में रायगड पुलिस ने वर्ष 2025 में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। रायगड की पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल ने जिले की वार्षिक अपराध रिपोर्ट 2025 मीडिया के समक्ष प्रस्तुत की। इस दौरान उन्होंने वर्षभर की गई पुलिस कार्रवाई, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा से जुड़े अहम आंकड़ों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल के नेतृत्व में रायगड पुलिस ने हत्या, डकैती, चोरी, लूटपाट, बलात्कार, अपहरण जैसे गंभीर अपराधों पर कड़ी नजर रखते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की। रिपोर्ट में बताया गया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाकर कई मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया, जिससे अपराध दर में उल्लेखनीय कमी आई है।
इसके साथ ही जिले में दारूबंदी अभियान और सट्टा विरोधी कार्रवाई को भी विशेष प्राथमिकता दी गई। अवैध शराब कारोबार और जुए-सट्टे से जुड़े मामलों में बड़े पैमाने पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इन कार्रवाइयों से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल ने चर्चित खोपोली हत्याकांड प्रकरण पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और कानून के दायरे में लाने की प्रक्रिया पूरी की गई है।
रायगड पुलिस की कार्यकुशलता, बहादुरी और तत्परता की जिलेवासियों ने खुले दिल से सराहना की है। जनता का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से जिले में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सुदृढ़ हुई है और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।








