पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के सुप्रीम नेता शरद पवार को सोमवार दोपहर पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया। उन्हें गले से जुड़ी समस्या, खांसी और बुखार की शिकायत के बाद एहतियातन अस्पताल लाया गया। 85 वर्षीय पवार को महाराष्ट्र के बारामती स्थित उनके आवास से पुणे लाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
शरद पवार को बारामती में ही अस्वस्थता महसूस हुई थी, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, लक्षण बने रहने पर डॉक्टरों ने उन्हें विस्तृत जांच और बेहतर चिकित्सा देखभाल के लिए पुणे शिफ्ट करने की सलाह दी। एनसीपी के एक करीबी सहयोगी ने बताया कि पवार गले के संक्रमण (Infection) से पीड़ित हैं और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
रूबी हॉल क्लीनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ और प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज ग्रांट ने कहा, “अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की एक टीम उनकी जांच करेगी और उसी के अनुसार आगे की उपचार योजना तय की जाएगी।”
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, शरद पवार को विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम की निगरानी में रखा गया है और सभी जरूरी चिकित्सीय परीक्षण किए जा रहे हैं। अस्पताल में शरद पवार के साथ उनकी बेटी और एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले तथा उनके दामाद सदानंद सुले भी मौजूद हैं।









