वन विभाग ने की नागरिको से सतर्क रहने की अपील
सातारा जिले के पाटण तालुका में आज सुबह ताडोबा की मशहूर शेरनी ‘तारा’ दिखाई दी। यह दृश्य मांगडेवाड़ी से जिंती के बीच देखने को मिला, जब बस चालक संदीप जाधव ने शेरनी को देखा और तुरंत यात्रियों को सतर्क किया। यात्रियों ने भी इस दुर्लभ नज़ारे को देखा और वन विभाग को सूचित किया।
जानकारी के अनुसार, शेरनी ‘तारा’ के गले में कॉलर होने के कारण इसकी पहचान ताडोबा की प्रसिद्ध शेरनी के रूप में हुई। वन विभाग ने तारा को पहले चांदोली जंगल में मुक्त किया था और तब से इसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तारा की यह सातारा में उपस्थिति वन विभाग के लिए भी महत्वपूर्ण सूचना है और इसे ध्यान से ट्रैक किया जा रहा है।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शेरनी दिखाई देने पर तुरंत संबंधित वन विभाग को सूचित करें। विभाग ने कहा कि शेरनी से सुरक्षित दूरी बनाए रखना आवश्यक है और लोगों की सतर्कता शेरनी तथा स्थानीय निवासियों दोनों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
विशेषज्ञों का मानना है कि शेरनी ‘तारा’ का यह कदम जंगल और आसपास के क्षेत्रों में अपने जीवन क्षेत्र की तलाश का हिस्सा है। वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों के लिए यह घटना एक दुर्लभ अनुभव भी है।








