नागपुर। दसवीं की लिखित परीक्षा जारी रहने के दौरान शहर के किदवई हाईस्कूल एंड जूनियर कॉलेज में शनिवार को घटी घटना से शैक्षणिक क्षेत्र में हलचल मच गई। मराठी विषय के शिक्षक सबीर अहमद के सिर पर चोट लगने से वे घायल हो गए। उन्हें तत्काल इंदिरा गांधी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल (मेयो) में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इस मामले में स्कूल के प्राचार्य माजीद खान पठान पर मारपीट का आरोप लगाया गया है, जिसे उन्होंने स्पष्ट रूप से खारिज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को दसवीं की परीक्षा के दौरान प्राचार्य कक्ष में सबीर अहमद और माजीद खान पठान के बीच उपस्थिति दर्ज करने के मुद्दे पर विवाद हुआ। सबीर अहमद ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य और एक अन्य शिक्षक ने मिलकर उन पर हमला किया। उनके परिजनों एवं कुछ सहकर्मियों ने भी स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध जताया।
प्राचार्य का पक्ष
वहीं प्राचार्य माजीद खान पठान ने घटना का अलग विवरण दिया है। उनके अनुसार, सबीर अहमद की ड्यूटी दूसरे परीक्षा केंद्र पर लगाई गई थी, लेकिन वे वहां न जाकर स्कूल पहुंचे और उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने का प्रयास किया। नियमों के तहत रोके जाने पर उन्होंने विवाद खड़ा किया। कथित रूप से धक्का-मुक्की के दौरान वे स्वयं नीचे गिर पड़े और घायल हो गए। प्राचार्य ने यह भी कहा कि शिक्षक की नियुक्ति से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है और उसी के चलते कुछ लोग स्कूल की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।








