दुबई। ईरान को युद्धविराम के संबंध में अमेरिका की ओर से पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए भेजा गया 15-सूत्रीय प्रस्ताव मिल गया है। पाकिस्तान के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह प्रस्ताव ऐसे समय भेजा गया जब अमेरिका ने पश्चिम एशिया में पहले से ही तैनात मरीन की एक टुकड़ी की सहायता के लिए ‘पराटपर’ को भेजना शुरू कर दिया था। ईरान की सेना ने अमेरिका के कूटनीतिक प्रयासों का मजाक उड़ाया और इजराइल और फारस की खाड़ी क्षेत्र में बुधवार को और हमले किए। इनमें से एक हमले के कारण कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भीषण आग लग गई और आसमान में काला धुआं भर गया।
पाकिस्तान के अधिकारियों ने बताया कि ईरान को युद्धविराम के संबंध में अमेरिका का 15-सूत्रीय प्रस्ताव मिल गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस प्रस्ताव को व्यापक रूप से— प्रतिबंधों में राहत, असैन्य परमाणु सहयोग, ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोके जाने, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) द्वारा निगरानी और फारस की खाड़ी के संकरे मुहाने होर्मुज जलडमरूमध्य से पोतों के आवागमन से संबंधित बताया।
इन विवरणों को सार्वजनिक करने के लिए अधिकृत नहीं होने के कारण अधिकारियों ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ (AP) को यह जानकारी अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर दी। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अंतरराष्ट्रीय नौवहन को बाधित कर दिया है, जिसके कारण ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए खतरा पैदा हो गया है।












