नेपाल से ठाणे तक फैली ड्रग चेन का खुलासा,करोड़ का चरस जब्त – तस्कर गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल से चरस बेचने ठाणे पहुंचे एक तस्कर को ठाणे क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम शनवर अली (38) है। उसके पास से करीब 5 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य का चरस बरामद किया गया।
जांच में सामने आया है कि यह माल उसे एक नेपाल निवासी व्यक्ति से मिला था। वागळे इस्टेट क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सलील भोसले को मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि साकेत रोड से बालकुम पाड़ा नंबर 2 के बीच एक युवक ड्रग्स बेचने आने वाला है। सूचना के अनुसार, एपीआई भूषण शिंदे और जगदीश गावित की टीम ने जाल बिछाकर शनवर अली को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसकी तलाशी में 505 ग्राम चरस से भरे दस पैकेट बरामद किए गए।
पुलिस को संदेह है कि वह इतनी बड़ी मात्रा में चरस किसी बड़े ग्राहक को सप्लाई करने आया था और इसके पीछे एक बड़ा रैकेट सक्रिय हो सकता है। इसी आधार पर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।











