ठाणे:ठाणे मे ई-चालान प्रणाली के विरोध में ठाणे में परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बस ओनर्स सेवा संघ और महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट एक्शन कमिटी के नेतृत्व में यह आंदोलन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर और वाहन चालक सड़कों पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने ठाणे के आनंद नगर जकात नाका क्षेत्र में इकट्ठा होकर ई-चालान व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की और काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि ई-चालान प्रणाली के कारण वाहन चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि कई बार बिना स्पष्ट कारण के भी चालान जारी कर दिए जाते हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर अपने वाहनों के साथ मुंबई के आजाद मैदान की ओर प्रदर्शन के लिए रवाना हुए थे। हालांकि पुलिस प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और वाहनों को यू-टर्न लेकर वापस ठाणे की दिशा में जाने के लिए कहा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने आनंद नगर जकात नाका क्षेत्र में ही रास्ता रोको आंदोलन शुरू कर दिया।
इस प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया। साथ ही इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई और वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। स्थिति को नियंत्रण में रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की बड़ी तैनाती की गई है।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने की अपील की जा रही है। वहीं ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।









