लोकवाहिनी, संवाददाता:किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में रविवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान ‘ऑपरेशन ताशी’ के तहत भारतीय सेना और एसओजी (SOG) किश्तवाड़ ने मुठभेड़ के बीच जैश-ए-मोहम्मद के टॉप कमांडर समेत 3 को मार गिराया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मारे गए तीनों आतंकवादियों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के प्रारंभिक आकलन में पता चला है कि मृतकों में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) का एक कुख्यात कमांडर सैफुल्ला भी हो सकता है। खबरों के मुताबिक, सैफुल्ला ने लगभग पांच साल पहले जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की थी और तब से इस क्षेत्र में सक्रिय था। उस पर सुरक्षा बलों पर कई घातक हमलों की साजिश रचने का आरोप है। इनमें जुलाई 2024 का हमला भी शामिल है, जिसमें एक कैप्टन समेत चार जवान शहीद हो गए थे। सैफुल्ला पहले भी कई मुठभेड़ों के दौरान बच निकला था।
सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने व्हाइट नाइट कोर के जवानों द्वारा तीन आतंकवादियों को मार गिराने के लिए की गई तेज और सटीक कार्रवाई की सराहना की। भारतीय सेना ने ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट में कहा, “सेना के कमांडर ने दुर्गम क्षेत्र में दृढ़ साहस दिखाने के लिए जमीनी स्तर पर तैनात कमांडरों और सैनिकों की सराहना की है। उत्तरी कमान आतंकवाद मुक्त जम्मू-कश्मीर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।” पोस्ट में कहा गया है कि छात्रू बेल्ट के पास्सरकूट इलाके में ताशी-I ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों को मार गिराया गया तथा दो एके-47 राइफल और गोला-बारूद बरामद किए गए।








