मुंबई। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश से हुई फसल क्षति को देखते हुए किसानों के लिए कर्ज माफी की मांग की और इस मुद्दे पर चर्चा के लिए राज्य विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने का आग्रह किया।
ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी हमला करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल को शासन करना नहीं आता। उन्होंने कहा कि किसानों की परेशानी को लेकर तुरंत ठोस कदम उठाना चाहिए।
बीस सितंबर से राज्य के कई हिस्सों, खासकर मराठवाड़ा क्षेत्र में भारी बारिश और उफनती नदियों के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। इस बारिश जनित आपदाओं में कम से कम नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30,000 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं।
ठाकरे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हम राज्य के किसानों के लिए पूरी तरह से कर्ज माफी की मांग करते हैं, क्योंकि भारी बारिश ने उनकी फसलों को गंभीर नुकसान पहुँचाया है। सरकार को प्रभावित किसानों के लिए प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपये की राहत तुरंत घोषित करनी चाहिए।”
इसके अलावा, उन्होंने मौजूदा हालात और किसानों की समस्याओं पर चर्चा के लिए राज्य विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने की भी सिफारिश की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को बाढ़ प्रभावित किसानों की मदद के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी और राज्य के किसानों के लिए सहायता की अपील की थी।











