तेलंगाना से आए मतदाताओं पर फर्जी वोटिंग का शक
नांदेड जिले के धर्माबाद में मतदान के दौरान बोगस मतदान को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। आरोप है कि तेलंगाना से आए कुछ मतदाता यहां बोगस मतदान करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला को मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान करते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए।
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश बढ़ गया और बोगस मतदान के आरोप में एक महिला और एक पुरुष के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। देखते ही देखते मतदान केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने लगी।
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इसी दौरान पुलिस द्वारा कुछ पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं, जिसको लेकर मीडिया संगठनों ने नाराजगी जताई है।
घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











