समर्थकों ने लगाया दहशत फैलाने का आरोप
अमरावती जिले के वालकी डैम के पास 19 दिसंबर को मंथन पालणकर नामक युवक की चाकू से निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के दोस्तों ने रात के समय शंकर नगर, केडिया नगर और बचत मॉल परिसर में जमकर तोड़फोड़ और दहशत फैलाई।
स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इस दौरान मारपीट और धमकियां दी गईं। घटना के दौरान का पूरा हाल सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिससे पुलिस को आरोपी पहचानने में मदद मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रवि राणा और अमरावती पुलिस आयुक्त राकेश ओला तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत तत्काल कार्रवाई करते हुए 18 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें से 12 युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा 6 नाबालिगों को हिरासत में लेकर उनके अभिभावकों को सुपुर्द किया गया और उन्हें बाल न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए गए हैं।











