नागपुर। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर में जुलूसे मुहम्मदी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर की गलियां व रास्तों को सजाया जा चुका है। कमेटी ने आयोजन को लेकर व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। शहर में आज जुलूसे-मोहमद्दी निकाला जाएगा। शहर के अलग-अलग हिस्सों से निकलनेवाले जुलूसों में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल होंगे। आयोजन को लेकर शहर में उत्सव का माहौल है, जगह-जगह सजावट की गयी है और जुलूस के स्वागत की तैयारियां भी की जा चुकी हैं। जुलूस पारंपरिक मार्गों से होकर गुजरेगा। जगह-जगह महफिलें, नातिया कार्यक्रम और सजावट की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे जोश के साथ या रसूल अल्लाह के नारों और नात-ओ-कसीदों माहौल रोशन होगा।
गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक नागपुर
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर में जुलूसे मुहम्मदी को लेकर गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक नागपुर नजर आएगा। इस अवसर पर नागपुर की गंगा-जमुनी तहजीब को पेश करते हुए जुलूस में हर धर्म और संस्कृति के लोग एक साथ नजर आकर समाज में एकता व सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
ईद-ए-मिलाद जुलूस : सीए रोड समेत कई मार्ग डायवर्ट
ईद-ए-मिलाद के अवसर पर मरकजी सिरात-उन-नबी कमेटी द्वारा निकाली जाने वाली शोभायात्रा के मद्देनजर, शहर की यातायात पुलिस ने यातायात संबंधी चेतावनी जारी की है। शोभायात्रा के दौरान सीए रोड पर यातायात जाम से बचने और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए, उपायुक्त आदित्य मीरखेर ने अधिसूचना जारी की है। ये प्रतिबंध 26 अगस्त को सुबह 6 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक लागू रहेंगे। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। सीए रोड पर यातायात को विभिन्न वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया है।
जुलूस का निर्धारित मार्ग
जुलूस मीरफेज मस्जिद के सामने बने पंडाल से शुरू होकर सेवा सदन चौक, गीतांजली चौक, दॉसर भवन चौक, भगवाघर चौक, मोमिनपुरा चौक, टिमकी चौक, गोलिवार चौक, गांजाखेत चौक, तीन नाल चौक, शहीद चौक, ओल्ड मोटर स्टैंड चौक, चंद्रशेखर आजाद चौक, सतरंजीपुरा घास बाजार, क्वेटा कॉलोनी चौक, टेलीफोन एक्सचेंज चौक, चंद्रशेखर आजाद चौक, दारोडकर चौक, गांधी पुतला चौक, भावसार चौक और सोना जयस्तंभ चौक से होकर गुजरेगा। संतरा मार्केट ओवरब्रिज से टेलीफोन एक्सचेंज चौक तक सेंट्रल एवेन्यू रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में आने वाले सभी भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। उन्हें आउटर रिंग रोड का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है। टेलीफोन एक्सचेंज और दारोडकर चौक से अग्रसेन चौक की ओर जाने वाले यातायात को छापरू चौक से होते हुए गंगाबाई घाट की ओर मोड़ा जाएगा। जयस्तंभ चौक से संतरा मार्केट ओवरब्रिज होते हुए मेयो अस्पताल की ओर जाने वाले वाहनों को मानस चौक और लोहा पुल से होते हुए कॉटन मार्केट की ओर मोड़ा जाएगा।
परिमंडल-4 में दंगा काबू की रिहर्सल और रूट मार्च
शहर में ईद-ए-मिलाद के साथ ही आगामी रक्षाबंधन, दहीहांडी और गणेशोत्सव को देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। परिमंडल क्रमांक-4 के सक्कदरदा और अजनी विभाग में संयुक्त दंगा काबू योजना की पूर्व रिहर्सल की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारी और जवान लाठी, हेलमेट, ढाल, गैसगन और दंगा नियंत्रण के लिए जरूरी अन्य उपकरणों से लैस नजर आए। इसके बाद सक्कदरदा और नंदनवन थाना क्षेत्र में रूट मार्च निकाला गया। ताजबाग दरगाह परिसर से शुरू हुआ रूट मार्च यासीन प्लॉट, शहंशाह चौक, आजाद कॉलोनी, छोटी मस्जिद, पंचवटी आश्रम, बुलंद गेट होते हुए बड़े ताजबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पहुंचा, जहां इस रूट मार्च का समापन हुआ। इस पूरी कार्रवाई में एक पुलिस उपायुक्त, दो सहायक पुलिस आयुक्त, छह वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, 15 पुलिस उपनिरीक्षक, 80 महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी और 30 होमगार्ड समेत कुल 131 अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक, इस अभ्यास का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों को परखना है।
हिदायतों और नियमों पर पूरी तरह अमल करें : प्यारे खान
महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने कहा कि ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मुबारक मौके पर नागपुर समेत पूरे महाराष्ट्र में जगह-जगह जलसे और जुलूस का एहतमाम किया जा रहा है। इस पाक और मुकद्दस मौके पर मेरी तमाम भाइयों, नौजवानों और अकीदतमंदों से अदब के साथ गुजारिश है कि जुलूस और जलसों के दौरान प्रशासन की ओर से जारी तमाम हिदायतों और नियमों पर पूरी तरह अमल करें तथा पुलिस और प्रशासन को अमन-ओ-अमान एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूरा ताاون दें। ईद-ए-मिलाद हमें मोहब्बत, इंसानियत, सब्र, भाईचारे और अमन का पैगाम देता है, इसलिए हमारी कोशिश होनी चाहिए कि हमारे हर अमल से इसी खूबसूरत पैगाम की झलक दिखाई दे। आइए, हम सब मिलकर इस मुबारक मौके को अदब, अकीदत, अनुशासन और भाईचारे के साथ मनाएं और पूरे महाराष्ट्र में अमन, मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम आम करें।










