मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल
लोकवाहिनी, संवाददाता
कोलकाता। मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट में स्थित एक जर्जर पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार वर्षीय बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आग रात करीब एक बज कर 45 मिनट पर लगी। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी भी बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस पांच मंजिला इमारत से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दमकल मंत्री कौशिक चौधरी ने भाषा को बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटनास्थल का दौरा करने के बाद उन्होंने कहा कि मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी, दोनों नागरिक दोनों शामिल हैं। चौधरी ने कहा, हम मृतकों की शिनाख्त की कोशिश कर रहे हैं। इमारत के अंदर की स्थिति बहुत खराब है। इस इमारत में कई होटल हैं। यहां जो कुछ चल रहा था, उसे देखकर मैं स्तब्ध हूं।











