नागपुर। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने पांच सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की है, जिसमें नागपुर सीट से संजय भेंडे को मौका दिया गया है। हमेशा की तरह, इस बार भी भाजपा ने चौंकाने वाली रणनीति अपनाते हुए उन चेहरों को मौका दिया है जो कई वर्षों से पार्टी में सक्रिय हैं।
नागपुर जिले से दयाशंकर तिवारी, संजय भेंडे, राजीव पोतदार, उपेंद्र कोठेकर सहित अन्य कुछ नाम चर्चा में थे। इनमें से कुछ नामों का प्रस्ताव दिल्ली भेजा जा चुका था। मंगलवार को भाजपा ने सभी को चौंकाते हुए महाराष्ट्र के भाजपा उपाध्यक्ष संजय भेंडे के नाम पर मुहर लगायी। 18 अक्टूबर 1970 को जन्मे संजय भेंडे नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष पद पर रहते हुए समाजसेवा से जुड़े हैं।








