मध्य प्रदेश के सागर में 100 से ज्यादा की हालत गंभीर
लोकवाहिनी, संवाददाता
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील में अवैध और जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया है। हालांकि अधिकृत तौर पर अभी सीएमएचओ सागर ने करीब 11 मौतों की ही पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार रात में 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बंडा अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बंडा पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कराई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बंडा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी (45), निवासी गूगरा खुर्द, दिग्विजय लोधी (28), निवासी नौराज, करतार सिंह लोधी (30), निवासी नौराज, उजियार खुर्द, रोशन लोधी (30), निवासी सिंह लोधी (56), निवासी गूगरा पाटन थाना विनायक और राजेंद्र लोधी (32), निवासी नौराज-गुगरा शामिल हैं। गोलू उर्फ चमन को पहले से कैंसर की शिकायत होने की जानकारी भी सामने आई है। हरनाम राय (42), निवासी चौका, उत्तम नत्थू नायक (42), निवासी दलपतपुर, मंगल रजक (40), निवासी गूगरा खुर्द, परम आदिवासी, निवासी हिनौता और धनसिंह आदिवासी (30), निवासी हिनौता को गंभीर हालत में बीएमसी सागर रेफर किया गया है।
यूपी के ललितपुर से जुड़ा नकली शराब का नेटवर्क
पुलिस जांच में इस मामले का सीधा कनेक्शन पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश (यूपी) से निकला है। जांच में पता चला कि नकली शराब की सप्लाई यूपी के ललितपुर जिले से सागर क्षेत्र में की जा रही थी।
तीन अधिकारी समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित
मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत के मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया, जबकि एक अधिकारी को जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सागर जिले की बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज़ और पाटन गांवों में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुछ अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान में बताया, मुख्यमंत्री यादव के निर्देश पर सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त की आबकारी उपनिरीक्षक रोशनी उरेती को निलंबित कर दिया गया है। बयान के मुताबिक, प्रशासन ने उपायुक्त एवं संभागीय उड़न दस्ता प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को सागर जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है।












