सेग-वे गश्त से बढ़ेगी शहर की सुरक्षा
आधुनिक तकनीक के सहारे अपराध पर कड़ा नियंत्रण
नागपुर शहर पुलिस आयुक्तालय में अब आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। शहर के प्रमुख तालाब और भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के लिए पुलिस विभाग को पांच अत्याधुनिक सेग-वे यानी बैलेंसिंग स्कूटर उपलब्ध कराए गए हैं। इन स्कूटरों के माध्यम से पुलिसकर्मी अब तेजी से संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग कर सकेंगे।
यह पहल पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्रकुमार सिंगल के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। इन सेग-वे स्कूटरों का उपयोग सोनेगांव तालाब, अंबाझरी फुटाला तालाब, सीताबर्डी मार्केट, सक्करदरा ताजबाग और इतवारी मार्केट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में किया जाएगा। इन क्षेत्रों में अक्सर लोगों की भारी भीड़ रहती है, जिससे कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सेग-वे के जरिए गश्त करने से अपराधों पर तेजी से नियंत्रण पाया जा सकेगा। खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा, चोरी, घरफोड़ियों और अन्य आपराधिक घटनाओं पर नजर रखने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पुलिसकर्मी अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक भी करेंगे और अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने का काम करेंगे।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस नई तकनीक के इस्तेमाल से नागपुर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा आधुनिक बनेगी।











