सीपी नांगरे एक्शन मोड में, नाबालिगों के मामले में अभिभावकों से वसूला जाएगा जुर्माना, शिकायत के लिए 112 हेल्पलाइन
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। प्रतिबंधित नायलॉन मांजे का इस्तेमाल कर पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ नागपुर पुलिस अब सख्त कार्रवाई करेगी। नायलॉन मांजे के इस्तेमाल पर भारी जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने इस संबंध में समाचार पत्रों में सार्वजनिक सूचना जारी कर शहरवासियों को चेतावनी दी है। जारी सूचना के अनुसार, यदि कोई वयस्क व्यक्ति नायलॉन मांजे से पतंग उड़ाते हुए पाया जाता है, तो प्रत्येक उल्लंघन पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, किसी नाबालिग के नायलॉन मांजे का इस्तेमाल करते पाए जाने पर जुर्माने की राशि उसके अभिभावकों से वसूली जाएगी। नायलॉन मांजे की बिक्री करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक उल्लंघन पर विक्रेता को 2 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना भरना होगा। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि घटनास्थल पर जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर 15 दिनों के भीतर नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भी अगले 15 दिनों में जुर्माना नहीं भरने पर सक्षम अधिकारी के माध्यम से इसे भू-राजस्व बकाया की तरह वसूल किया जाएगा।
112 हेल्पलाइन पर कर सकते हैं शिकायत
नायलॉन मांजे के इस्तेमाल, बिक्री या भंडारण से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत नागरिक पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कर सकते हैं। इसके अलावा नागपुर साइबर पुलिस के व्हाट्सएप नंबर अथवा नजदीकी पुलिस थाने में भी जानकारी देने की अपील की गई है। मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ के आदेश के अनुरूप नागपुर पुलिस आयुक्तालय ने आम नागरिकों के लिए यह सार्वजनिक सूचना जारी की है।
















