नागपुर। मानेवाड़ा श्मशान घाट के पास जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए गोलीकांड में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय अर्जुन सुनील लाडसे की शुक्रवार तड़के मौत हो गई। पिछले चार दिनों से उसका एम्स के आईसीयू में उपचार चल रहा था। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी शैलेश हिरामण गुल्हाने सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे शैलेश गुल्हाने (40) ने देशी पिस्तौल से अर्जुन पर गोली चलाई थी। गोली गर्दन की दिशा से उसके सिर में जा लगी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
सोमवार रात मानेवाड़ा घाट के पास आयोजित जन्मदिन की पार्टी के बाद शैलेश ने कथित तौर पर शराब के नशे में गोलीबारी की। उस समय उसके साथ पियुष बबनराव मेंढे (34), पराग शिवाजी चौधरी (24), ऋषिकेश विलास जांगनोडे (18), नागेंद्र उर्फ भावेश संजय राव (28), नैतिक सोलंकी (14) और अर्जुन लाडसे मौजूद थे। बताया जाता है कि शैलेश ने दो बार पिस्तौल चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। तीसरी बार उसने ट्रिगर दबाया और अर्जुन की ओर गोली चला दी। गोली लगते ही अर्जुन खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। पुलिस के अनुसार, गोली चलाने वाला शैलेश गुल्हाने आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह हुड़केश्वर में वर्ष 2018 में हुए एक हत्या के मामले का आरोपी है।
















