रेबीज रोकथाम के लिए नगर निगम की पहल
एक सप्ताह में 5000 श्वानों को वैक्सीन देने का लक्ष्य
वैक्सीनेटेड श्वानों की पहचान के लिए रंगीन कॉलर
ठाणे:महाराष्ट्र के ठाणे में बढ़ते डॉग बाइट मामलों और रेबीज के खतरे को देखते हुए ठोस कदम उठाया गया है। ठाणे नगर निगम ने शहर में 7000 आवारा श्वानो के टीकाकरण का विशेष अभियान शुरू किया है।
महानगरपालिका क्षेत्र में भटकते श्वानों की बढ़ती संख्या को लेकर नागरिकों की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। इसी के मद्देनज़र प्रशासन ने व्यापक टीकाकरण कार्यक्रम लागू किया है। महापौर शर्मिला पिंपलोलकर से मुलाकात कर वैद्यकीय अधिकारी प्रसाद पाटील ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि यह पहल पूरी तरह नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, अगले एक सप्ताह में कम से कम 5000 श्वानों का टीकाकरण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद शेष श्वानो को भी चरणबद्ध तरीके से वैक्सीन दी जाएगी। रेबीज के प्रसार को रोकना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
टीकाकरण के बाद श्वानो के गले में अलग-अलग रंग के कॉलर बांधे जाएंगे, जिससे यह पहचानना आसान होगा कि कौन-सा श्वान वैक्सीनेटेड है और कौन नहीं। इससे भविष्य में निगरानी और नियंत्रण कार्य और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान शहर में स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।







