पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार
छत्रपति संभाजीनगर के शिवाजीनगर क्षेत्र में विश्वास को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक परिचित ऑटो चालक ने 64 वर्षीय बुजुर्ग महिला का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया और उनके गले से करीब साढ़े सात तोले सोने के आभूषण लूट लिए। पुंडलिकनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम आकाश माधव अंभोरे है। वह वर्ष 2018 से पीड़िता सुनंदा अशोक (64) के परिचित था। पति के निधन के बाद सुनंदा अकेली रहती थीं और बीमारी के कारण अक्सर अस्पताल आने-जाने के लिए आकाश के ऑटो का उपयोग करती थीं। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए आरोपी पिछले कुछ दिनों से उनके घर आना-जाना कर रहा था।
सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह उनके घर पहुंचा। पानी मांगने के बहाने जब महिला रसोई में गईं, तब उसने पीछे से रुमाल से उनका गला कस दिया। दम घुटने से वह बेहोश हो गईं। होश में आने पर उनके गले से पांच तोले की रुद्राक्ष माला और ढाई तोले की तुलसी माला गायब थीं।
शिकायत मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक विनोद भालेराव के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच में आरोपी की लोकेशन कमलापुर फाटा क्षेत्र में मिली। पुलिस को देखकर वह बाइक से भागने लगा, लेकिन फिसलकर गिर पड़ा और अंततः गिरफ्तार कर लिया गया।









