लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नागपुर दौरे की तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार १८ जनवरी को उनकी इकोनॉमिक्स एक्सप्लोसिव कंपनी (EECL) यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाए गए हैं। जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कंपनी परिसर को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी डॉ. विपित इटनकर ने इस संबंध में विशेष आदेश जारी किए हैं। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, १७ जनवरी २०२६ की रात ००.०१ बजे से लेकर १८ जनवरी २०२६ की रात १२ बजे तक शिवा सावंगा स्थित इकोनॉमिक्स एक्सप्लोसिव कंपनी का पूरा इलाका ‘नो फ्लाई जोन’ रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार की हवाई गतिविधि पर पूर्ण रोक रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में कंपनी परिसर के आसपास किसी भी तरह के ड्रोन उड़ाने या उसका इस्तेमाल करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल रक्षा मंत्री के हेलीकॉप्टर को छोड़कर अन्य कोई भी हवाई वाहन इस क्षेत्र में उड़ान नहीं भर सकेगा। यह फैसला सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आपातकालीन परिस्थितियों में ड्रोन उड़ाने की जरूरत पड़ती है तो उसके लिए सक्षम अधिकारियों से विशेष अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह नियम भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता २०२३ की धारा १६३ के तहत लागू किए गए हैं।












