नागपुर, संवाददाता:नागपुर की दृष्टिबाधित पैरा तैराक कंचनमाला पांडे ने राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर शहर और महाराष्ट्र का मान बढ़ाया है। कंचनमाला ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक, 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में यह उपलब्धि हासिल की।
कंचनमाला पांडे S-11 वर्ग की खिलाड़ी हैं, जिसका अर्थ है कि उन्हें पूर्ण या लगभग पूर्ण दृष्टि-अक्षमता है। इसके बावजूद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट क्षमता सिद्ध की है।
कंचनमाला भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में क्लास वन ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें डॉ. प्रवीण लामखड़े (NSNIS) और विशाल चांदुरकर (ASCA Level-5) का प्रशिक्षण प्राप्त होता है।
विश्व स्तर पर भी दर्ज है ऐतिहासिक उपलब्धि कंचनमाला वर्ष 2017 में वर्ल्ड पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में 200 मीटर मेडले स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला तैराक बनी थीं। अब तक करियर में उन्होंने कुल 120 पदक जीते हैं, जिसमें से 115 स्वर्ण पदक शामिल हैं जो अपने आप में एक अनूठा कीर्तिमान है।











