नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में ‘आतंकवाद निरोधी सम्मेलन’ का उद्घाटन किया। दो दिवसीय सम्मेलन भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। शाह ने कहा, आतंक पर 360 डिग्री प्रहार होगा। एक अभेद्य ‘आतंकवाद निरोधी ग्रिड’ हर चुनौती का सामना करेगा।
हमारी टीम ने पहलगाम आतंकी हमले का एक कंप्लीट और सफल इन्वेस्टिगेशन किया है जिसे पूरी दुनिया की एजेंसियां आने वाले दिनों में स्टडी करेंगी। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले की जांच के नतीजे अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को कठघरे में खड़ा करेंगे। इस दौरान उन्होंने बताया कि लालकिला के पास हुए विस्फोट में 40 किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि बायसरन घाटी का हमला देश को झकझोर देने वाला था।









