नागपुर, संवाददाता:केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को घोषणा करते हुए कहा कि नागपुर में 70 करोड़ रुपये की लागत से संतरा क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा। एग्रोविजन 2025 कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय के अमरावती रोड स्थित मैदान पर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की।
चौहान ने कहा कि किसानों को बेहतर गुणवत्ता के रोप उपलब्ध हों, तभी वे अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकेंगे। इसी उद्देश्य से बड़ी नर्सरियों को 4 करोड़ रुपये तथा छोटी और मध्यम नर्सरियों को 2 करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। किसान देश के ‘अन्नदाता’ हैं और उनके जीवनस्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने दाल मिल शुरू करने के लिए दी जा रही सब्सिडी का भी उल्लेख किया।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और किसान गीत से हुई।आयोजन सचिव रवि बोरटकर ने स्वागत भाषण किया तथा संचालन रेणुका देशकर ने किया।
विदर्भ में विश्व स्तरीय फार्मर बिज़नेस स्कूल बनेगा : गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि स्पेन की तर्ज़ पर अमरावती रोड स्थित पीडीकेवी मैदान पर एग्रो कन्वेंशन सेंटर में विश्वस्तरीय फार्मर बिज़नेस स्कूल तैयार किया जा रहा है। इसका लाभ विदर्भ सहित पूरे देश के किसानों को मिलेगा और उनकी आर्थिक प्रगति में तेज़ी आएगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में किसान प्रति एकड़ 10-12 टन संतरे का उत्पादन हासिल कर सकेंगे। साथ ही कलमों की अधिकृत नर्सरियों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता पर उन्होंने केंद्रीय कृषिमंत्री को सुझाव दिया।











