लोकवाहिनी, संवाददाता: नागपुर। राउलगाव में रविवार सुबह एक विस्फोटक कारखाने में इतना भीषण धमाका हुआ कि 19 मजदूरों की जान चली गई और 24 घायल हो गए। आग की लपटें पूरी इमारत को घेर ले गईं, चारों तरफ धुआं और तबाही का मंजर था। यह हादसा एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की फैक्ट्री में हुआ, जहां डेटोनेटर पैकेजिंग यूनिट में विस्फोट हुआ। ज्यादातर मृत और घायल मजदूर महिलाएं थीं। पुलिस ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है और फैक्ट्री को सील कर जांच शुरू कर दी है।
नागपुर ग्रामीण पुलिस ने 10 फरार आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। इनमें कंपनी के दो मैनेजिंग डायरेक्टर भी शामिल हैं। यह नोटिस उन्हें देश छोड़कर भागने से रोकेगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि जांच में कोई रुकावट न आए। जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। इनमें से तीन टीमें एसडीपीओ संतोष गायकवाड़ के नेतृत्व में काम कर रही हैं। एक टीम छत्तीसगढ़ गई है जहां क्रॉस-बॉर्डर लीड्स की जांच हो रही है। दूसरी टीम महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
सभी को छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत दर्ज किया गया है, जो गैर-इरादतन हत्या से जुड़ी है। पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) और डायरेक्टोरेट ऑफ इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ (DISH) ने फैक्ट्री की जांच शुरू की है। दोनों ने फैक्ट्री के ऑपरेशन पर रोक लगा दी है। फॉरेंसिक टीम ब्लास्ट के अवशेष, केमिकल टेस्ट, स्टोरेज में गड़बड़ी, वायरिंग और अन्य सबूतों की जांच कर रही है ताकि धमाके का सही कारण पता चल सके।
21 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
कलमेश्वर पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर मनोज कालबाडे की शिकायत पर 21 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें उपाध्यक्ष चंद्रशेखर ब्रजमोहन राजवाड़े (58) रचना अपार्टमेंट, अंबाझरी; वरिष्ठ महाप्रबंधक संदीप हिम्मतलाल सोलंकी (62) महाराणा बिल्डर, काटोल रोड; महाप्रबंधक प्रदीप रघुनाथ शर्मा (57) जय विघ्नहर्ता सोसाइटी, काटोल रोड; प्रोडक्शन मैनेजर रोशन भास्करराव राउत (43) दत्तवाड़ी; प्रोडक्शन मैनेजर नीलकमल धनीराम डोंगरे (48) वसंती अपार्टमेंट, आकाशी सोसाइटी दाभा; प्रोडक्शन सुपरवाइजर पंकज रामनरेश पांडे (32) बासा; लोडिंग सुपरवाइजर का समावेश है।
मालिक को कब गिरफ्तार किया जाएगा?
केस दर्ज कराने वालों में एसबीएल के मालिक संजय चौधरी (रायपुर, छत्तीसगढ़), आलोक चौधरी, कुंदन पंचपत, राज पारधी, रविंद्र पोखना, श्रवण कुमार, सत्यवती पाराशर, आलोक वड़िया, मनोज कुमार प्रसाद, नितिन चंदनमल और अतुल गुप्ता शामिल हैं। कंपनी के मालिक को कब गिरफ्तार किया जाएगा? यह सवाल मजदूरों के मन में गुस्से के साथ उठ रहा है।









