महाराष्ट्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट का उद्योग जगत और कृषि क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने स्वागत किया है। अनिल जैन ने इस बजट को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि इससे राज्य के कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी और किसानों को बड़ा लाभ होगा।
देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार ने वर्ष 2047 तक महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। अनिल जैन का कहना है कि यह बजट इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसमें कृषि विकास, आधुनिक तकनीक और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस बजट में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, आधुनिक तकनीक अपनाने और एआई आधारित कृषि प्रणाली को प्रोत्साहित करने जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इससे कृषि क्षेत्र अधिक आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनेगा। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
अनिल जैन ने यह भी कहा कि किसानों के लिए कर्जमाफी जैसी घोषणाएं उन्हें आर्थिक रूप से बड़ी राहत देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के इन फैसलों से किसानों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होंगी।
जैन इरिगेशन सिस्टीम्स के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में अनिल जैन ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लिए गए फैसले महाराष्ट्र के कृषि क्षेत्र को आधुनिकता की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजारों से जुड़ाव, आधुनिक सिंचाई तकनीक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने जैसे कदम किसानों के लिए फायदेमंद साबित होंगे। इससे महाराष्ट्र का कृषि क्षेत्र मजबूत होगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।








