महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। प्रतिबंधित गुटखा बिक्री और गोवंश की अवैध ढुलाई के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा ने दो अलग-अलग मामलों में लाखों का माल जब्त किया है।
हिंगोली पुलिस अधीक्षक नीलाभ रोहन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश मीना और एसडीपीओ राजकुमार केंद्रे के मार्गदर्शन में जिले में अवैध धंधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अकोला बायपास क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान तीन आरोपियों—जब्बारखा सत्तारखां पठाण, शेख वाहिद शेख मुक्तार और शेख शाहिद शेख मुक्तार—को गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी बोलेरो पिकअप वाहनों में चार गोवंश (बैल) को निर्दयतापूर्वक ठूंसकर बिना किसी वैध दस्तावेज के परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये का माल जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और महाराष्ट्र पशु संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में सेनगांव क्षेत्र के जामदया-वडहिवरा रोड पर परसराम आयाजी घुगे नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से प्रतिबंधित गुटखा, मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित कुल 2 लाख 34 हजार रुपये का माल बरामद किया गया। इस मामले में भी संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 12 लाख 34 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है। पुलिस टीम में कई अधिकारियों और जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। हिंगोली पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहने के संकेत दिए गए हैं।








