नागपुर। उपराजधानी में रामनवमी पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बाजार को भगवा झंडों से सजाया गया है, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। रामनवमी के अवसर पर 26 मार्च को शहर के अलग-अलग भागों से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में शहर की ही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों से भी दर्जनों झांकियां, भजन मंडली, रिमझिम पथक शामिल होंगे। ये झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण होंगी।
शहर के रामनगर, पोद्दारेश्वर मंदिर, बेसा, रामेश्वरी, जरीपटका, धरमपेठ, वाड़ी, महाल, मनीषनगर सहित काटोल, कलमेश्वर, रामटेक, सावनेर, नरखेड़, बुटीबोरी, टाकळघाट सहित जिले के सभी हिस्सों में शोभायात्रा निकाली जाएगी। जगह-जगह प्रसाद वितरण होगा। जिले में शोभायात्रा के मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत द्वार, महिलाओं के लिए सुरक्षा कक्ष, पौराणिक दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठंडा पानी, शरबत, मसाला चना, तरी पोहा, पंजीरी प्रसाद, लस्सी, छाछ, आइसक्रीम, कुल्फी आदि वितरित किए जाएंगे।
पोद्दारेश्वर मंदिर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर 26 मार्च को शाम 4:30 बजे सेंट्रल एवेन्यू स्थित पोद्दारेश्वर राम मंदिर से भव्य श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण और सीता की उत्सव मूर्तियों का पूजन व आरती शाम 4 बजे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महापौर नीता ठाकरे, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पूर्व राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित, शहर के सभी विधायक और नगरपालिका पदाधिकारी, पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र सिंगल, संभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी, जिलाधिकारी विपिन इटनकर, नासुप्र के अध्यक्ष सुनील मीना और पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी सहित शहर के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में होगी। इसके बाद शोभायात्रा में कलश धारण की हुई महिलाएं, सांस्कृतिक लोकनृत्य, आदिवासी नृत्य, गरबा, झंडा नृत्य तथा इस्कॉन के भजन मंडली की प्रस्तुति रहेगी।
सावनेर में वर्ल्ड रिकॉर्ड महाआरती आज
सावनेर। विश्व शांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 26 मार्च को शाम 5:30 बजे नगर परिषद मैदान में एक भव्य महाआरती का आयोजन किया गया है। विधायक डॉ. आशीष देशमुख द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु एक साथ दीया आरती करेंगे और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने कहा कि महाआरती केवल एक रिकॉर्ड बनाने के बारे में नहीं है, बल्कि दुनिया भर में चल रहे संघर्षों के बीच वैश्विक शांति, एकता और सद्भाव के लिए एक सामूहिक प्रार्थना है।









