नागपुर में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली। ‘जीवन सुरक्षा’ द्वारा रामदासपेठ स्थित परिसर में स्वर्गीय डॉ. विनोद अडबे की स्मृति में महिलाओं के लिए एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसे शहरभर की महिलाओं का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला।
इस विशेष कार्यक्रम में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी. एस. सिरपुरकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं नागपुर के पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंघल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इसके अलावा रोटरी क्लब ऑफ नागपुर मेट्रो के अध्यक्ष डॉ. विवेक गाडगे और पार्षद विनय दानी की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामयी बना दिया। शिविर में अनुभवी चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने महिलाओं के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच और परामर्श सेवाएं प्रदान कीं। इसमें स्त्री रोग, अस्थि रोग, त्वचा रोग, सामान्य चिकित्सा, नेत्र रोग, छाती एवं श्वसन रोग, ENT, मनोरोग, दंत चिकित्सा और फिजियोथेरेपी जैसी विभिन्न चिकित्सा सेवाएं शामिल थीं।
इस अवसर पर डॉ. मंगला घिसाड, डॉ. विवेक गाडगे, डॉ. जयंत लांजेवार, डॉ. गिरीश देशपांडे, डॉ. वर्षा पांडे, डॉ. नैनेश पटेल, डॉ. गौरव अग्रवाल, डॉ. साई पेंडके, डॉ. संजोग चांडक और डॉ. विशाल पाटिल सहित कई विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं।
सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस शिविर में करीब 250 महिलाओं ने भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और विशेषज्ञ सलाह का लाभ उठाया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मृण्मयी कुलकर्णी ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि श्री रविंद्र परांजपे और श्रीमती शालिनी सिन्हा ने मधुर हिंदी गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया।
आयोजकों ने सभी डॉक्टरों, अतिथियों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को एक बड़ी सफलता बताया।







