नागपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में चोरी गए 22 लाख 70 हजार रुपये के माल में से करीब 17 लाख 43 हजार रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
यह घटना 28 मार्च 2026 की है, जब रायपुर निवासी 65 वर्षीय हरिशचंद राधाकृष्ण चंदवाणी अपने परिवार के साथ ट्रेन नंबर 20845 बिकानेर एक्सप्रेस से रायपुर से उज्जैन की यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी पत्नी ने अपने पास एक पर्स रखा हुआ था, जिसमें सोने के गहने और 20 हजार रुपये नकद रखे थे।
29 मार्च की रात करीब 2:15 बजे, जब ट्रेन नागपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी, तब उनकी पत्नी की नींद खुली और उन्होंने पाया कि पर्स गायब है। काफी तलाश के बाद वह पर्स ट्रेन के बाथरूम में खाली अवस्था में मिला, जिससे चोरी की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और नागपुर स्टेशन व शहर के 200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई, जो घटना के बाद स्टेशन से बाहर निकलता दिखाई दिया।
तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए आरोपी का सुराग नांदेड तक पहुंचा। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 अप्रैल 2026 को आरोपी रोहित मारोती दुय्येवार (23) को नागपुर आते समय धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन CCTV फुटेज दिखाए जाने पर उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी से चोरी गए गहनों में से बड़ी मात्रा में माल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी एक शिक्षित युवक है और नागपुर में वेटरनरी की पढ़ाई कर रहा था। ऑनलाइन सट्टेबाजी में पैसे गंवाने के कारण उसने यह अपराध किया। फिलहाल पुलिस बाकी सामान की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।







