लोकवाहिनी, संवाददाता नागपुर। अथर्व नानोरे हत्याकांड से जुड़े एक संवेदनशील वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गिट्टीखदान इलाके में एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। बुधवार देर रात बड़ी संख्या में लोगों ने गिट्टीखदान थाने का घेराव कर पोस्ट करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, इस मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपी जय यादव के बड़े भाई वीर यादव ने आपत्तिजनक पोस्ट साझा किया था। वीडियो सामने आते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और हालात बिगड़ने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीर यादव को गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि देर रात तक इलाके में तनाव बना रहा और पुलिस बल तैनात किया गया। गौरतलब है कि हनुमान जयंती शोभायात्रा के दौरान अथर्व नानोरे का अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तीनों मुख्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, वायरल वीडियो में वीर यादव अपने 4-5 साथियों के साथ नजर आ रहा है। पुलिस को आशंका है कि इन लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है, जिसके चलते आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं। फिलहाल गिट्टीखदान पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। वीर द्वारा डाले गए एक पोस्ट में वह अपने 4-5 साथियों के साथ कार में जाता हुआ दिखाई दे रहा है। चर्चा है कि उसके साथियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। फिलहाल पुलिस वीर से पूछताछ करेगी। लोगों का कहना है कि 8 से 10 लोगों की गिरफ्तारी संभव है। गिट्टीखदान पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरोपियों को साथ लेकर पूरी घटना का रिक्रिएशन
पुलिस तीनों आरोपियों को फॉरेंसिक टीम के साथ लेकर पूरी घटना का रिक्रिएशन करने वाली है। सीपी रवींद्र कुमार सिंगल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि एसीपी स्तर के अधिकारी प्रकरण की जांच करेंगे और आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलाने के लिए हर सबूत और गवाह जुटाए जाएंगे। ऐसे में क्राइम सीन का पुनर्निर्माण बेहद महत्वपूर्ण होगा। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच टीम के साथ पूरे वाहन का मुआयना किया। कुछ जगहों पर पुलिस को आरोपियों के फिंगर प्रिंट मिले हैं। एक-दो खून के धब्बे भी मिले हैं जिसकी जांच होनी बाकी है। आरोपियों ने किस तरह वारदात को अंजाम दिया और कहां-कहां गए, इसकी मौखिक जानकारी तो पुलिस ने ले ली है लेकिन जय यादव पुलिस को घुमाता रहा।







