नागपुर शहर में अवैध ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इमामवाड़ा क्षेत्र में अपराध शाखा के अमली पदार्थ विरोधी पथक ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से एमडी ड्रग्स बरामद किया है। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन थंडर’ के अंतर्गत की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल की रात करीब 8:15 बजे से 10:30 बजे के बीच खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने इमामवाड़ा सिमेंट रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान एमएच 02 सीडब्ल्यू 1604 नंबर की एक हुंडई वर्ना कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
कार चालक ने अपनी पहचान प्रदीप पुरंदास उईके (33), निवासी कुंभारटोली, धंतोली के रूप में बताई। दंडाधिकारी की उपस्थिति में जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 6 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एमडी ड्रग्स के अलावा तीन मोबाइल फोन और कार सहित कुल 12 लाख 40 हजार रुपये का माल जब्त किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह ड्रग्स आकाश शिवकुमार गुप्ता और कार्तिक प्रकाश सातपुते की मदद से हासिल किया था।
पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। शहर में लगातार बढ़ते ड्रग्स के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है।





