मुखिया समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला, 3 गिरफ्तार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। दरगाह में दर्शन के लिए आई दमदम निवासी एक महिला को कुछ लोगों ने जान से मारने की धमकी देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की। इस मामले में कन्हान पुलिस ने जूनी कामठी के गाडेघाट स्थित हुजूर मरियम अम्मा दरगाह के संचालक समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 3 अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पारशिवनी तहसील के अंतर्गत आने वाली जूनी कामठी ग्राम पंचायत क्षेत्र प्रसिद्ध अम्मा की दरगाह में पश्चिम बंगाल से आई एक महिला के साथ लैंगिक शोषण, हत्या का प्रयास और जबरन धर्मांतरण जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम दिया गया है। इस मामले में कन्हान पुलिस ने दरगाह के मुख्य संचालक ताजी तनविरुद्दीन और उनके बेटे समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
उर्स के दौरान महिला को बनाया गया शिकार
यह मामला तब सामने आया जब कोलकाता के दमदम पुलिस स्टेशन द्वारा दर्ज किया गया मामला कन्हान पुलिस स्टेशन को स्थानांतरित कर दिया गया। जिन लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं, उनमें बाबा ताजी तनविरुद्दीन, उनकी पत्नी ताजी मुस्तफािरुद्दीन फैज, तेजस खोबरागड़े, बशारा फातिमा ताजी, मल्ला धुले और अन्य शामिल हैं। पीड़िता कोलकाता के दमदम इलाके में रहती है। वह नियमित रूप से जूनी कामठी स्थित दरगाह में दर्शन के लिए आती है। अप्रैल महीने में भी वह हमेशा की तरह मरियम अम्मा दरगाह आई थी। छह लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसे बंधक बना लिया।
इसी दौरान दरगाह परिसर और उससे जुड़े आरोपियों ने महिला को अपनी हवस और साजिश का शिकार बनाया। अगले दिन, महिला किसी तरह खुद को छुड़ाने में कामयाब रही और ट्रेन से कोलकाता चली गई। वहां उसने एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद, उसने दमदम पुलिस स्टेशन में ताजी तनविरुद्दीन और उसके अन्य साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चूंकि घटना स्थल कन्हान पुलिस स्टेशन की सीमा में आता है, इसलिए दमदम पुलिस ने मामला कन्हान पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बुधवार को मामले से संबंधित दस्तावेज प्राप्त हुए। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। कन्हान पुलिस को इस मामले के दस्तावेज मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक बयान दर्ज नहीं किया गया है। इसलिए, अभी यह कहना संभव नहीं है कि घटनाक्रम किस क्रम में हुआ। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है।









