नागपुर। क्राइम ब्रांच के सामाजिक सुरक्षा विभाग ने ऑपरेशन शक्ति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके चंगुल से एक पीड़ित महिला को मुक्त कराया है। आरोपी के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन समेत करीब 1.72 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक महिलाओं को बहला-फुसलाकर देह व्यापार के धंधे में धकेल रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक बोगस ग्राहक तैयार कर जाल बिछाया। सौदा तय होने के बाद आरोपी महिला को लेकर छत्रपति चौक से नरेंद्र नगर रेलवे बोगदे की ओर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धमदीप रविंद्र गजभिए (22), निवासी भिवसनखोरी, दाभा, गिट्टीखदान के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ के लिए महिला से देह व्यापार करवा रहा था और ग्राहकों की व्यवस्था भी स्वयं करता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 26 वर्षीय पीड़ित महिला को रेस्क्यू किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला विवाहित है तथा उसका पति हत्या के एक मामले में जेल में बंद है। आर्थिक तंगी के कारण वह आरोपी के संपर्क में आई थी।













