जुलाई में 13 नए मरीज मिले, 1 की मौत
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर में मौसमी इन्फ्लुएंस ए (एच1एन1) यानी स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जुलाई माह में अब तक 13 नए मरीज मिलने के बाद मनपा ने नागरिकों से सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच व उपचार कराने की अपील की है। जनवरी से अब तक शहर में 25 मरीजों में एच1एन1 संक्रमण की प्रयोगशाला जांच से पुष्टि हो चुकी है। हाल ही में डेथ ऑडिट समिति ने एक मरीज की मौत एच1एन1 संक्रमण से होने की पुष्टि भी की है। मनपा मुख्यालय में स्वाइन फ्लू डेथ ऑडिट समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभागीय स्वास्थ्य विभाग की सहायक संचालक डॉ. नयना दुपारे, इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की विशेषज्ञ डॉ. नेहा निखाडे, निजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ. दीपक जेसवानी, डॉ. शुभम चव्हाण, अतिरिक्त स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र बहिरवार, संक्रामक रोग अधिकारी डॉ. गोवर्धन नवखरे, एमएसयू के सूक्ष्मजीवशास्त्रज्ञ डॉ. संदीप भोयर, सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. मिथुन खेरडे तथा डॉ. शुशांकी कापसे उपस्थित थीं। समिति ने दो मरीजों के चिकित्सा दस्तावेज, प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट, उपचार पद्धति और अस्पताल प्रबंधन का विस्तृत परीक्षण किया। जांच के बाद समिति ने एक मरीज की मौत एच1एन1 संक्रमण के कारण होने की पुष्टि की, जबकि दूसरे मरीज की मौत अन्य गंभीर बीमारी के कारण होने से उसे स्वाइन फ्लू से हुई मौत नहीं माना गया। मनपा के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक सेलोकार ने बताया कि एच1एन1 के उपचार के लिए शहर में पर्याप्त दवाइयां और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। हालांकि बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, पांच वर्ष तक के बच्चे, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय और किडनी रोग से पीड़ित मरीज तथा कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बुखार, खांसी, गले में दर्द, सांस लेने में तकलीफ या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सीय सलाह लें, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का उपयोग करें और संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता संबंधी सावधानियों का पालन करें।













