कर्नाटक में लैंडस्लाइड से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
नई दिल्ली। दक्षिण भारत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी है। केरलम और कर्नाटक सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल हैं। जहां बाढ़, भूस्खलन और जलभराव की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। केरलम में बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, कर्नाटक के शिवमोगा जिले में हुए दर्दनाक भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई।
केरलम में हालात को देखते हुए राज्यभर में 5,792 लोगों को सुरक्षित निकालते हुए 209 राहत शिविरों में भेजा गया है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री वीडी सतीशन राज्य में बारिश की स्थिति को लेकर विभिन्न जिलों के प्रभारी मंत्रियों और जिला प्रशासनों के लगातार संपर्क में हैं।
बिहार में वज्रपात से 6 की मौत, 7 घायल
बांका। बिहार के बांका में रविवार दोपहर में तेज बारिश और गर्जन के बीच अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से चार प्रखंडों में छह किसानों और मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य किसान और मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे दर्दनाक घटना बांका टाउन थाना क्षेत्र के खावा गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे पिता और उनके सात वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। बांका टाउन थाना क्षेत्र के खावा गांव में लाधार बारिश के दौरान हुए वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। गांव निवासी 35 वर्षीय ब्रहमदेव यादव रविवार को खेत में काम करने के लिए घर से निकले थे। रविवार होने के कारण स्कूल की छुट्टी थी, इसलिए सात वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार भी पिता के साथ खेत गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई और बिजली सीधे पिता-पुत्र पर गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।













