वेटिकन सिटी। पोप लियो ने मंगलवार देर रात अपने पैतृक निवास केस्टल गेंडोल्फो से प्रस्थान करते हुए हमास से गाजा में युद्धविराम और ट्रंप की शांति योजना स्वीकार करने का आग्रह किया। उन्होंने 7 अक्टूबर 2023 को बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई की भी पुनः मांग की।
पोप ने कहा, “ऐसा लगता है कि यह एक यथार्थवादी प्रस्ताव है। कुछ तत्व मुझे बहुत दिलचस्प लगते हैं, और मुझे आशा है कि हमास इसे निर्धारित समय सीमा में स्वीकार कर लेगा।”
उन्होंने गाजा में सहायता पहुंचाने वाले बेड़े के भविष्य को लेकर भी चिंता व्यक्त की। 50 से अधिक नौकाओं के गाजा के 150 समुद्री मील के दायरे में पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन इजराइली नौसैनिकों द्वारा नाकाबंदी के कारण यह जोखिमपूर्ण हो सकता है।
पोप ने कहा कि वे गाजा में मानवीय आपातकाल का जवाब देने की बेड़े की इच्छा को समझते हैं, लेकिन हिंसा की आशंका को लेकर सतर्क हैं।
इतालवी सरकार ने बेड़े के आयोजकों को चेतावनी दी है कि इजराइल उनके प्रयास को ‘शत्रुतापूर्ण कार्रवाई’ मान सकता है और इस तरह की कार्रवाई से बचने का आग्रह किया। इसके लिए इटली ने साइप्रस में वैकल्पिक वितरण स्थल का प्रस्ताव रखा और आश्वासन दिया कि कैथलिक चर्च सहायता सामग्री को फलस्तीनियों तक सुरक्षित पहुंचाएगा।








