दिघोरी के टेक्सॉस स्मोकिंग शॉपी में आधी रात के बाद एस्कॉर्ट टीम की छापेमारी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। वाठोडा थाना क्षेत्र के दिघोरी स्थित ‘टेक्सॉस स्मोकिंग शॉपी’ में पुलिस की एस्कॉर्ट टीम ने आधी रात के बाद छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित हुक्का पार्लर का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार, शॉपी में बिना वैध अनुमति के ग्राहकों को प्रतिबंधित तंबाकूजन्य हुक्का परोसा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान नकदी और हुक्का सामग्री समेत कुल 94,240 रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उमरेड रोड, दिघोरी स्थित उक्त शॉपी में अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना के आधार पर रात करीब ढाई बजे पंचों की मौजूदगी में एस्कॉर्ट टीम ने छापा मारा। इस दौरान कैफे मैनेजर ओंकार संदीप मडावी ग्राहकों को प्रतिबंधित तंबाकूजन्य हुक्का उपलब्ध कराते हुए मिला। पुलिस ने शॉपी के मालिक के संबंध में पूछताछ की तो मैनेजर ने मालिक के रूप में अविनाश पर्वतलाल पांडे का नाम बताया। लाइसेंस या वैध अनुमति के बारे में पूछे जाने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने शॉपी की तलाशी लेकर 38,100 रुपये नकद, विभिन्न आकार के हुक्का पॉट, पाइप, अलग-अलग फ्लेवर वाला तंबाकूजन्य हुक्का और अन्य सामग्री जब्त की। जब्त माल की कुल कीमत 94,240 रुपये बताई गई है।
इस मामले में कैफे मालिक अविनाश पर्वतलाल पांडे और मैनेजर ओंकार संदीप मडावी के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम तथा महाराष्ट्र पुलिस कानून की संबंधित धाराओं के तहत वाठोडा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के मार्गदर्शन में एस्कॉर्ट पथक और वाठोडा पुलिस की टीम ने की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शॉपी में अवैध हुक्का कारोबार कब से चल रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।












