चंडीगढ़। पंजाबी अभिनेता और गायक राजवीर जवंदा का सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के 11 दिन बाद बुधवार को निधन हो गया। अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि 35 वर्षीय कलाकार को बुधवार सुबह 10:55 बजे मृत घोषित कर दिया गया।
राजवीर जवंदा पंजाबी शोबिज इंडस्ट्री के उभरते हुए नामों में शामिल थे। उन्हें 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मोटरसाइकिल से शिमला जाते समय हुए भयानक हादसे में गंभीर चोटें आई थीं। इस हादसे में उनके सिर और रीढ़ की हड्डी को गंभीर चोटें लगीं, जिसके बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया।
फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान उनका स्वास्थ्य लगातार चिंताजनक रहा। दुर्घटना से पहले उन्हें कार्डियक अरेस्ट भी आया था। चिकित्सकों की टीम ने पूरी कोशिश की, लेकिन राजवीर की जान नहीं बचाई जा सकी।
राजवीर जवंदा को उनके हिट गानों “काली जवंदे दी,” “तू दिस पेंदा,” “खुश रह कर,” “सरदारी,” “सरनेम,” “आफरीन,” “लैंडलॉर्ड,” “डाउन टू अर्थ,” और “कंगनी” के लिए जाना जाता था। अभिनेता और गायक के रूप में उन्होंने 2018 की फिल्म ‘सूबेदार जोगिंदर सिंह’, 2019 की ‘जिंद जान’ और ‘मिंदो तसीलदारनी’ में भी अभिनय किया।
राजवीर की मौत की खबर सुनते ही पंजाबी संगीत और सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर कई कलाकार और प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके साथी कलाकार दिलजीत दोसांझ ने भी हांगकांग कॉन्सर्ट के दौरान उनके स्वास्थ्य की दुआ की थी।
पंजाबी संगीत प्रेमियों के लिए यह बड़ा झटका है। अभी तक परिवार की ओर से अंतिम संस्कार की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन संभावना है कि उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जगराओं के पोना में किया जाएगा।








