डेढ़ घंटे तक होते रहे धमाके
सीवान। बिहार के सीवान जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में एक मकान के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे, इसी दौरान अचानक हुए भीषण धमाके में पति-पत्नी और उनकी बेटी समेत 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस शक्तिशाली विस्फोट में पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया और कई शव सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस मकान में यह अवैध कारोबार चल रहा था, वह एक घनी आबादी वाला इलाका है। ब्लास्ट इतना भयानक था कि लोगों के मुताबिक करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर धमाके होते रहे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी।
जानकारी के मुताबिक जिस मकान में पटाखे की फैक्ट्री थी, वह घनी आबादी वाले इलाके में मौजूद है और हादसे के वक्त उसमें कई लोग मौजूद थे। ऐसे में मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मकान के मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। बताया जा रहा है कि जिस फैक्ट्री में पटाखे बनाए जा रहे थे, उसका लाइसेंस पुराना था यानी एक्सपायर हो चुका था। हादसा की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता, महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार के अलावा बड़हरिया, जामो और गोरियाकोठी समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुटी। महाराजगंज एसडीपीओ ने मीडिया को जानकारी दी कि अग्नि शामक दल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने और राहत-बचाव कार्य तेजी से चलाया गया।














