नई दिल्ली: भारतीय टेलीविजन और सिनेमा के मशहूर हास्य अभिनेता सतीश शाह का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। गुजराती मूल के इस कलाकार ने अपनी कॉमिक टाइमिंग और चुलबुले अंदाज से दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बनाई।
सतीश शाह ने अपने फिल्मी करियर में लगभग 250 फिल्मों में काम किया। उनका जन्म 25 जून 1951 को मुंबई में हुआ था। 1972 में उन्होंने डिज़ाइनर माधु शाह से शादी की थी।
टीवी जगत में उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता 1984 के सिटकॉम ‘ये जो है जिंदगी’ से मिली, जिसमें उन्होंने 55 एपिसोड में 55 अलग-अलग किरदार निभाए। इसके बाद उन्होंने ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ में इंद्रवर्धन साराभाई का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई।
1995 में जीटीवी के शो ‘फिल्मी चक्कर’ और अन्य कार्यक्रमों जैसे घर मजाई, ऑल द बेस्ट और कॉमेडी सर्कस में बतौर जज और कलाकार उन्होंने दर्शकों का मनोरंजन किया।
सतीश शाह का सिनेमा सफर 1980 के दशक में शुरू हुआ। उन्होंने ‘जाने भी दो यारो’ (1983) में म्युनिसिपल कमिश्नर डी’मेलो का किरदार निभाकर जबरदस्त लोकप्रियता पाई। इसके अलावा उन्होंने ‘मैं हूं ना’, ‘कल हो ना हो’, ‘फना’, ‘वीराना’, ‘ओम शांति ओम’ और सैफ अली खान की ‘हमशक्ल्स’ (2014) जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं।
सतीश शाह की कॉमिक शैली और बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें टीवी और फिल्म दोनों ही जगत में अमिट पहचान दिलाई। उनके निधन से मनोरंजन जगत और दर्शकों में शोक की लहर है।








