इथेनॉल प्लांट में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं
लोकवाहिनी, संवाददाता-चंद्रपुर। जिले की ब्रह्मपुरी तहसील में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया, जहाँ रामदेवबाबा सॉल्वेन्ट एड केमिकल्स के आरबीसएस इथेनॉल प्लांट में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के साथ ही तेज धमाके जैसी आवाज़ें गूंजी, जो आसपास के तीन गाँवों तक सुनाई दीं। हालाँकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्लांट में बड़े पैमाने पर नुकसान होने की आशंका है।
ब्रह्मपुरी तहसील के जामनगांव-चोरगांव मार्ग पर उदयपुर गाँव के पास स्थित इथेनॉल प्लांट में बुधवार देर दिन में अचानक आग भड़क उठी। आग उसी हिस्से में लगी जहाँ करीब 1.25 लाख लीटर इथेनॉल संग्रहित था। लपटें तेज़ी से उठने लगीं और क्षेत्र में दहन फैल गया। सूचना मिलते ही चंद्रपुर, नागभीड, सिंदेवाही, मुल और गड़चिरोली से लगभग 10-12 दमकल गाड़ियाँ घटनास्थल पर पहुँचीं। आग पर काबू पाने के लिए बड़े स्तर पर रेत, पानी और नाइट्रोजन गैस का उपयोग किया गया।
नाइट्रोजन गैस का उपयोग आग को ठंडा और नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रक्रिया के तहत किया गया। कंपनी की डिस्टिलेशन यूनिट इस आग से सबसे अधिक प्रभावित बताई जा रही है। हालाँकि नुकसान का आधिकारिक आँकड़ा अभी सामने नहीं आया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने जाँच शुरू कर दी है और तकनीकी विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। सबसे बड़ी राहत यह रही कि प्लांट में मौजूद कर्मचारी समय रहते बाहर निकल आए, जिससे जनहानि नहीं हुई।
कई किलोमीटर तक दिखाई दिया धूएं का गुबार
ब्रह्मपुरी तहसील में बोरगांव के पास स्थित रामदेव बाबा साल्वेंट इथेनॉल कंपनी में आज अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि झिल्लोडी, बोरगाँव और उदयपुर गाँवों में कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। तेज आवाज़ और झटके से पूरे क्षेत्र में दहशत और दहन का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुँचा।
आग पर काबू पाने के लिए टीमों ने युद्धस्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। कंपनी परिसर से लगातार धुआँ उठता देखा गया, जिसके चलते आसपास के गाँवों में रहने वालों से सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन की शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस बड़े धमाके में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जो राहत की बात है। हालाँकि कंपनी की संपत्ति को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल अधिकारी आग बुझाने और धमाके के कारणों की जाँच में जुटे हुए हैं। घटना के बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।











