अदीस अबाबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जॉर्डन दौरा खत्म कर मंगलवार को इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंचे। राजधानी अदीस अबाबा के एयरपोर्ट पर इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने गले लगाकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।
इसके बाद अबी अहमद अली प्रधानमंत्री मोदी को होटल तक खुद कार चलाकर लेकर गए। इस बीच रास्ते में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को विज्ञान संग्रहालय और मैत्री पार्क भी दिखाया। पीएम नरेंद्र मोदी इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। पीएम मोदी की इथियोपिया की यह पहली यात्रा है।
दो दिवसीय दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इथियोपिया के पीएम अबी अहमद अली से मुलाकात की। इसके साथ ही वहां की संसद को भी संबोधित करेंगे। इथियोपिया में रहने वाला भारतीय समुदाय पीएम मोदी के आगमन पर काफी उत्साहित है। इस दौरे में भारत-इथियोपिया के बीच स्वास्थ्य, शिक्षा और क्लीन एनर्जी सहयोग को बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी जिस होटल में ठहरे हुए हैं, वहां मौजूद भारतीय समुदाय ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी के स्वागत में एक छोटी बच्ची ने भरतनाट्यम प्रस्तुत किया। पीएम मोदी के होटल पहुंचते ही ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारे गूंजने लगे। भारतीय समुदाय के लोग हाथों में तिरंगा लेकर पीएम मोदी से मिले।











