भाषण के दौरान आया चक्कर, आवाज भी बैठी
मीडिया से बातचीत से किया इनकार
चिपलून में आयोजित कृषि महोत्सव के कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद नारायण राणे की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वे मंच से संबोधित कर रहे थे, तभी भाषण के अंतिम चरण में उनकी आवाज बैठने लगी और वे असहज दिखाई देने लगे।
स्थिति को भांपते हुए नारायण राणे ने अपना भाषण बीच में ही समाप्त कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्हें चक्कर जैसा महसूस हो रहा था, जिसके चलते उन्होंने कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करने से भी इनकार कर दिया।
आयोजकों और सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए नारायण राणे को तुरंत कार्यक्रम स्थल से पास के गेस्ट हाउस ले जाया, जहां उन्हें आराम कराया गया। डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। स्वास्थ्य को लेकर किसी प्रकार की गंभीर स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।








