महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने नागपुर दौरे के दौरान ठाकरे बंधुओं की हालिया मुलाक़ात को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। नागपुर में आयोजित विज्ञान महोत्सव कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए लोढ़ा ने कहा कि ठाकरे बंधुओं की मुलाक़ात का दूसरा या तीसरा हिस्सा आने दीजिए, लेकिन मुंबई महानगरपालिका में इस बार महायुति का ही महापौर चुना जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मुंबई की जनता विकास और स्थिर नेतृत्व के साथ खड़ी है।
मंगल प्रभात लोढ़ा ने विदर्भ विज्ञान उत्सव की सराहना करते हुए इसे छात्रों के लिए मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि इस विज्ञान महोत्सव में 1200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया है, जो यह दर्शाता है कि विज्ञान और नवाचार को लेकर युवाओं में उत्साह बढ़ रहा है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है।
मुंबई में हाल ही में हुई बगावतों पर कार्रवाई को लेकर मंत्री लोढ़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित पार्टी है। पार्टी के भीतर अनुशासनहीनता या गलत कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाता और जो भी गलत करता है, उसे सज़ा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यही भाजपा की कार्यशैली और पहचान है।
उद्धव ठाकरे द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए लोढ़ा ने कहा कि ऐसे आरोप हर चुनाव से पहले केवल पब्लिसिटी हासिल करने के लिए लगाए जाते हैं। इन आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं होता। वहीं धारावी पुनर्विकास परियोजना और अदानी समूह से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा कि यदि झोपड़पट्टीवासियों को बेहतर घर और सुविधाएं मिलती हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।








