कम लागत में ज्यादा मुनाफा देने वाली बेर की खेती
भंडारा :महाराष्ट्र के भंडारा जिले से आधुनिक खेती की एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। जिले की प्रगतिशील महिला किसान सरिता फुंडे ने पारंपरिक खेती को छोड़कर आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए ‘बाला सुंदरी’ नामक सेब जैसी दिखने वाली बेर की खेती शुरू की है। उनकी यह पहल आज क्षेत्र के किसानों के लिए एक मिसाल बनती जा रही है।
सरिता फुंडे द्वारा उगाई जा रही ‘बाला सुंदरी’ बेर कम पानी और कम मेहनत में अधिक उत्पादन देने वाली उन्नत किस्म है। यह बेर आकार में छोटे सेब जैसी होती है, जिसका रंग लाल-गुलाबी और स्वाद बेहद मीठा और रसदार होता है। बाजार में इसकी मांग काफी अधिक है, जिससे किसानों को अच्छा मूल्य मिल रहा है।
सरिता फुंडे ने बताया कि इस खेती से उन्हें महज एक साल में लाखों रुपये की आमदनी हुई है। रोजाना बड़ी मात्रा में बेर का उत्पादन हो रहा है, जिसे स्थानीय बाजारों के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी भेजा जा रहा है। कम लागत में अधिक मुनाफा मिलने के कारण यह खेती ग्रामीण इलाकों में तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
उनकी सफलता यह साबित करती है कि सही जानकारी, मेहनत और आधुनिक तकनीक के उपयोग से खेती भी एक लाभदायक व्यवसाय बन सकती है। सरिता फुंडे की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त उदाहरण है।
आज ‘बाला सुंदरी’ बेर की खेती न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही है, बल्कि अन्य किसानों को भी आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।







