लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बदल नहीं रहा है, बल्कि समय के साथ धीरे-धीरे विकसित हो रहा है और बस नए रूप में सामने आ रहा है। मोहन भागवत दिल्ली स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहाँ आने वाली फिल्म ‘शतक’ के गाने के एल्बम को लॉन्च किया गया। यह फिल्म आरएसएस के 100 साल के सफर की कहानी बताती है।
भागवत ने अपने संबोधन में कहा, संगठन (आरएसएस) अपनी शताब्दी मना रहा है। लेकिन जैसे-जैसे संगठन विकसित होता है और नए रूप लेता है, लोग इसे बदलते हुए देखते हैं। हालांकि, वास्तव में यह बदल नहीं रहा है। यह बस धीरे-धीरे विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा, जिस प्रकार बीज से अंकुर निकलता है और फल-फूलों से लदा परिपक्व वृक्ष एक अलग रूप धारण कर लेता है, उसी प्रकार ये दोनों रूप भिन्न हैं। फिर भी, वृक्ष मूलतः उसी बीज के समान है जिससे वह उगा है।
बता दें कि इस मौके पर सिंगर सुखविंदर सिंह, डायरेक्टर आशीष मुल्ले, को-प्रोड्यूसर आशीष तिवारी और आरएसएस पदाधिकारी भय्याजी जोशी मौजूद रहे। भागवत ने आगे कहा कि आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशव बलीराम हेडगेवार एक जन्मजात देशभक्त थे और उन्होंने बचपन में ही अपना जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने कहा, संघ और डॉक्टर साहब (हेडगेवार) पर्यायवाची शब्द हैं। वह जब सिर्फ 11 साल के थे, तब उनके माता-पिता का प्लेग से निधन हो गया था, लेकिन उन्हें उस उम्र में या बाद में भी, बात करने या भरोसा करने वाला कोई नहीं मिला।








