एक वोट की कीमत 5 हजार!
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, प्रशासन पर उठे सवाल
जालना शहर में नगर परिषद चुनाव के दौरान वोट खरीदने का गंभीर आरोप सामने आया है। प्रभाग क्रमांक 4 में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों द्वारा मतदाताओं को पैसे देने की पेशकश किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिससे पूरे जिले में राजनीतिक खलबली मच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रभाग क्रमांक 4 में भाजपा उम्मीदवार गणेश जल्लेवार और तुषार गणेश जल्लेवार अपने सहयोगियों के साथ प्रचार के लिए पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद नागरिकों ने मतदान के बदले पैसों की मांग की। आरोप है कि उम्मीदवारों ने प्रत्येक वोट के लिए 5 हजार रुपये देने की मांग को स्वीकार करते हुए भाजपा को वोट देने की अपील की। यह पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद हो गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। प्रभाग क्रमांक 4 से कांग्रेस उम्मीदवार एडवोकेट फारुक तुंडीवाले ने इस मामले की औपचारिक शिकायत चुनाव विभाग के पास दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह घटना लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने वाली है और इसमें तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
हालांकि, शिकायत दर्ज होने के एक दिन बाद भी चुनाव प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों और राजनीतिक हलकों में यह चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर खुलेआम वोट खरीदने के आरोपों पर भी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
अब सभी की नजरें चुनाव आयोग और प्रशासन पर टिकी हैं कि वे इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाते हैं।








