मां-बेटे ने मिलकर रची हत्या की साजिश
आठ दिन की जांच के बाद पुलिस को बड़ी सफलता
छत्रपति संभाजीनगर जिले के कन्नड़ तालुका अंतर्गत जामडी फॉरेस्ट गांव के समीप वन क्षेत्र में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि एक मां और बेटे ने मिलकर की थी। 13 जनवरी 2026 को शव मिलने के बाद पुलिस ने इस गंभीर अपराध की गहन जांच शुरू की थी।
मृतक की पहचान राजू रामचंद्र पवार, निवासी जामडी, के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत पर कन्नड़ ग्रामीण पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. विनयकुमार राठोड़ के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा और कन्नड़ ग्रामीण पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से जांच की।
लगातार आठ दिनों तक चले जांच अभियान में 50 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। घटनास्थल के आसपास झाड़ियों, खेतों और नालों की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के दौरान मृतक के कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पल अलग-अलग स्थानों पर मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि खेत की देखरेख करने वाली वंदना पवार और उसका बेटा धीरज उर्फ टेमा घटना के दिन वहां मौजूद थे। पूछताछ में वंदना पवार ने कबूल किया कि मृतक उसे बार-बार शारीरिक संबंधों के लिए परेशान करता था। परेशान होकर मां-बेटे ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
हत्या के बाद शव को नाले में छिपाया गया और सबूत मिटाने के लिए सामान अलग-अलग जगह फेंका गया। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कन्नड़ ग्रामीण पुलिस कर रही है।









